फरीदपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अंबे शक्ति फूड्स टॉफी फैक्टरी में संदिग्ध हालात में आग लग गई। इससे यहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। इसमें एक मजदूर घायल तो कुछ मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। अग्निशमन विभाग से पहुंची टीम ने आग पर काबू पा लिया है।
बरेली-शाहजहांपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर फरीदपुर के पचौमी गांव के समीप स्थित अंबे शक्ति फूड्स टॉफी फैक्टरी में मंगलवार दोपहर करीब 11:30 बजे संदिग्ध हालात में आग लग गई। देखते-देखते आग की लपटें फैक्टरी में फैल गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों को देख फैक्टरी प्रबंधन के लोगों के भी हाथ-पैर फूल गए। लोगों में चर्चा है कि इस दौरान कई मजदूर जख्मी हो गए, जब की फैक्ट्री प्रबंधन केवल एक मजदूर के जख्मी होने की बात मान रहा है। हालांकि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया है। प्रबंधन के अनुसार जख्मी हुए मजदूर को अस्पताल में उपचार के बाद छोड़ दिया गया है।
-
गुजर रही है हाईटेंशन लाइन, होगी जांच
विद्युत निगम के अनुसार फैक्टरी की चहारदीवारी के अंदर से पचौमी फीडर की 11 हजार केवी की हाइटटेंशन लाइन गुजर रही है। अब तक संबंधित विभागों का इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं था। फैक्टरी में आग लगने के बाद जागे अग्निशमन विभाग ने हाईटेंशन लाइन की जांच कर फैक्टरी प्रबंधन को नोटिस देने की बात कही है। विद्युत निगम के एसडीओ उमेश कुमार ने बताया कि फैक्टरी की चहारदीवारी के अंदर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है।
-
अग्निशमन विभाग व फैक्टरी प्रबंधन का विरोधाभासी बयान
फैक्टरी में आग लगने के बाद फैक्टरी प्रबंधन व अग्निशमन विभाग के विरोधाभासी बयान अलग-अलग घटनाक्रम को दर्शा रहे हैं। अग्निशमन विभाग के फायर स्टेशन प्रभारी सचिन ने बताया कि फैक्टरी के पैकेजिंग मैटेरियल में शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लग गई थी। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन विक्रांत ने बताया कि टॉफी पैकिंग की खराब पन्नी व गत्ते पड़े थे। सफाई कर्मी ने बीड़ी पीने के दौरान तीली डाल दी, जिससे आग लग गई।