बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के एक डॉक्टर के क्लीनिक के बेसमेंट में आग से हड़कंप मच गया। दो दमकल लगाकर आग पर काबू पाया गया। देर रात पुलिस और फायरब्रिगेड के कई अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
टीबी चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. हरीश वैष्णव का क्लीनिक आईवीआरआई के सर्विस लेन रोड पर है। इसमें ऊपर डॉक्टर दिन में ओपीडी करते हैं तो नीचे बेसमेंट में दवाएं और जरूरी सामान भरा रहता है। पड़ोस में ही गौरव मेडिकल स्टोर है। मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे क्लीनिक के बेसमेंट में किसी वजह से आग लग गई। देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई और लपटें बाहर निकलने लगीं। आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना डॉक्टर और पुलिस को दी। पुलिस ने दमकल बुला ली। पहले एक और फिर दूसरी दमकल आईं तो थोड़ी देर में ही आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान काफी भीड़ मौके पर जमा हो गई। एफएसओ सोमदत्त ने बताया कि आसानी से आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने की वजह की जांच की जाएगी। ब्यूरो