बरेली। दिवाली पर रिलीज होने जा रही फिल्म थैंक गॉड विवादों में घिर गई है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने भगवान चित्रगुप्त को आधुनिक वेशभूषा में दिखान के साथ अशोभनीय टिप्पणी और आपत्तिजनक दृश्य का आरोप लगाते अभिनेता अजय देवगन और रकुलप्रीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष गौरव सक्सेना के साथ कई अधिवक्ताओं ने बुधवार को एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर दिया। इसमें फिल्म के निर्माता-निर्देशक और सभी कलाकारों पर हिंदू समाज की आस्था को ठेस पहुंचाने और भावना भड़काने का आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि भगवान चित्रगुप्त का किरदार अजय देवगन ने बहुत बेशर्मी से निभाया है। इसके साथ अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है।
महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि अपने आराध्य चित्रगुप्त का अपमान कायस्थ और हिंदू समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि मूवी से आपत्तिजनक शब्द और दृश्य नहीं हटाए तो सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में महासभा ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई हैं। एसएसपी से मिलने वालों में युवा जिलाध्यक्ष आकाश सक्सेना, शक्ति कुमार के साथ रमन सक्सेना, अंतरिक्ष सक्सेना, अभय भटनागर, आदित्य सक्सेना, अचल सक्सेना, नितिन भटनागर, अंकित पारवाला आदि अधिवक्ता मौजूद थे।