बरेली के चर्चित एलायंस बिल्डर पर एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि उत्तराखंड के रुद्रपुर में फ्लैट देने का झांसा देकर लखीमपुर खीरी के भाई-बहन समेत अन्य लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर ली। अब न्यायालय के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
लखीमपुर खीरी जिले के पलिया कला निवासी मुकेश कुमार गुप्ता ने बारादरी थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया है कि वर्ष 2006 में एलायंस बिल्डर के मालिक अमनदीप सिंह, रमनदीप सिंह व इनके सहयोगी हनी सिंह भाटिया, अरविंदर सिंह, युवराज सिंह और सत्यवीर सिंह ने रुद्रपुर में फ्लैट बेचने का प्रचार-प्रसार किया था।
मुकेश और उनकी बहन मंजू गुप्ता को बरेली में स्टेडियम रोड स्थित दफ्तर पर बुलाया गया। इन लोगों ने बताया कि रुद्रपुर में एलायंस सिटी वन के नाम से फ्लैट बना रहे हैं। 10.25 लाख रुपये में 15 माह के अंदर फ्लैट देने का झांसा दिया। इस पर मुकेश ने पांच लाख और मंजू ने ढाई लाख रुपये देकर फ्लैट बुक करा लिए।