बरेली में पांच हजार रुपये की रिश्वत धौराटांडा चौकी प्रभारी संजीव यादव के लिए गले की फांस बन गई। एसएसपी ने जांच के बाद चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। इस मामले में सोमवार को भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
बरेली की धौराटांडा चौकी इंचार्ज रहे संजीव यादव पर कानूनी फंदा और कस सकता है। एसएसपी अनुराग आर्य ने संजीव को निलंबित कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए थे। अब पुलिस ने रुपये देने वाले की ओर से अज्ञात में रिपोर्ट कराई है। विभागीय जांच भी शुरु हो गई है।
विज्ञापन
वार्ड नंबर सात कस्बा धौराटांडा बाजार मोहल्ला निवासी अब्दुल खालिद की ओर से रिपोर्ट कराई गई है कि दो माह पहले उसके बेटे के खिलाफ एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने घर में घुसने का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत धौराटांडा चौकी प्रभारी संजीव यादव को मिली थी। संजीव ग्राम प्रधान ईसापुर तफसीर अहमद को लेकर उसके घर पहुंचे। उसे कार्रवाई की चेतावनी दी। फिर मामला निपटाने के लिए रुपये मांगे।
प्रधान ने कहा कि मामला दबाने के पांच हजार रुपये लगेंगे। उन्होंने प्रधान को पांच हजार रुपये दे दिए। किसी ने चोरी से इसका वीडियो बना लिया। उन्हें नहीं पता कि वह कैसे वायरल हो गया। अब पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट लिख ली है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि वीडियो की जांच और बयान के आधार पर नामजदगी की जाएगी।