बरेली। बिल्डर और उसके पार्टनर्स के खिलाफ वेलफेयर सोसाइटी बनाकर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए सुपर सिटी कॉलोनी के लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कॉलोनी वालों का कहना है कि उन्हें धमकाकर वसूली तो की गई लेकिन मेंटेनेंस के नाम पर कुछ नहीं कराया गया।
सुपर सिटी कॉलोनी के लोगों का कहना है कि कॉलोनी बनाने के बाद बिल्डर ने ही उसके पूर्ण विकास तक सारी जिम्मेदारी लेने की बात कही थी। इसके बाद कॉलोनी के डेवलपमेंट और मेंटेनेंस के लिए 2011 में सुभाष चंद्र अपने सहयोगी डीसी उपाध्याय, लोकेश गंगवार, अमित कंचन, अरुण कुमार सक्सेना, मनोज वर्मा वेलफेयर सोसाइटी बनाकर लोगों से साढे़ पांच सौ रुपये माहवार वसूलने लगे। लोगों ने बताया कि 2016 में बिल्डर ने सोसाइटी की जिम्मेदारी दूसरी एजेंसी को सौंप दी जो फिर साढ़े सात सौ रुपये माहवार वसूलने लगी। वसूली के बाद भी कालोनी का विकास नहीं कराया गया। बिल्डर ने यह मामला सोसाइटी पर टाल दिया। इस बीच बिजली का बिल जमा न होने से सारी सुविधाएं ठप हो गई। सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने आदेश दिया तो कॉलोनी के आलोक भारद्वाज की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। उधर, बिल्डर का कहना है कि यह विवाद कॉलोनी के लोगों और वेलफेयर सोसाइटी के बीच है। कुछ लोग इस मामले में बिल्डर को उलझाकर मनमानी करना चाहते हैं।