पद्मावत फिल्म के विरोध में विवादित बयान देने को लेकर देशद्रोह की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में सोमवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश्वर सिंह का नाम खोल दिया है। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
क्षत्रिय महासभा के दो दिन पहले हुए एक कार्यक्रम के दौरान भुवनेश्वर सिंह ने विवादित बयान दिया था, जिसका वीडियो वायरल हो गया था। इस मामले में जंक्शन चौकी प्रभारी विक्रम सिंह की ओर से रविवार को अज्ञात के खिलाफ देशद्रोह के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वीडियो की छानबीन करने के बाद सोमवार को इस एफआईआर में भुवनेश्वर सिंह को नामजद कर दिया।
एसपी सिटी ने बताया कि जांच के बाद सामने आया कि वीडियो में दिखने वाले शख्स भुवनेश्वर सिंह हैं। सोमवार को रिपोर्ट में भुवनेश्वर सिंह का नाम खोलने के बाद अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। इससे पहले अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने फिल्म को लेकर बड़ा प्रदर्शन करके एलान किया गया था कि जो व्यक्ति अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को अग्निकुंड में फेंकेगा उसे एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।
वीडियो में नजर आने वाले शख्स भुवनेश्वर सिंह हैं, जांच में यह बात साफ हो गई है। उनका नाम विवेचना में खोल दिया गया है।- रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी
मेरे बयान को गलत समक्षा: भुवनेश्वर
क्षत्रिय महासभा के युवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश्वर सिंह ने कहा है कि उनके बयान को गलत समझा गया है। उन्होंने संसद या सुप्रीम कोर्ट की गरिमा के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। उन्होंने गहरे अवसाद में सुप्रीम कोर्ट में खुद को आग लगाने की बात जरूर कही थी।