डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने बुधवार को चौपुला फ्लाईओवर के चौड़ीकरण की घोषणा की थी, इसके बाद रविवार को वित्तमंत्री ने प्रोजेक्ट का मौके पर निरीक्षण किया और शीघ्र काम शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही किला ब्रिज का दोहरीकरण कराने के लिए भी प्रशासन कवायद में जुट गया है। चौपुला ब्रिज पर 78.06 करोड़ रुपये खर्च आएगा।
चौपुला रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से पब्लिक को निजात दिलाने के लिए एक दशक पहले फ्लाईओवर तैयार हुआ था। इसके निर्माण को लेकर राजनीति होती रही, इसलिए प्रोजेक्ट अव्यवहारिक ही बना। लिहाजा बरेली से बदायूं दिशा में यातायात सुगम नहीं हो पाया। चौपुला चौराहा से किला तक आए दिन जाम बरकरार रहा। अब नई सरकार में एक बार फिर प्रयास शुरू हुए हैं। ब्रिज को व्यावहारिक रूप देने के लिए कवायद शुरू हो गई। साथ ही किला तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू कराया गया। बुधवार को बरेली आए सीएम केशव मौर्य ने चौपुला ओवरब्रिज प्रोजेक्ट को हरी झंडी देते हुए बजट जारी कर दिया।
पुलिस विभाग देगा जमीन
पुलिस लाइन मार्ग से रेलवे क्रासिंग की दिशा में बनने वाली लेन में पुलिस विभाग की जमीन इस्तेमाल होगी। विभाग ने इसकी औपचारिक सहमति दे दी है। निरीक्षण के दौरान एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने कहा कि विभाग की ओर से कोई आपत्ति नहीं है। शहर के विकास में उनका विभाग अपेक्षित सहयोग देगा।
जल्द शुरू होगा काम
चौपुला फ्लाईओवर तीन और दो लेन में बनेगा। सुभाषनगर और बरेली शहर दिशा में एक-एक लेन उतरेगी, जबकि तीन लेन का फ्लाईओवर दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर होगा। सेतु निगम इसके निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगम इसकी नई डिजाइन तैयार करेगा। वित्तमंत्री अग्रवाल ने निर्देश दिए हैं कि प्रोजेक्ट निर्माण जल्द शुरू कराया जाए। इस मौके पर निगम सीपीएम आरके सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर एसके गर्ग, ओमप्रकाश, सुनील गिरी आदि मौजूद रहे।
किला ब्रिज के दोहरीकरण का कार्य स्वीकृत
किला ओवरब्रिज दोहरीकरण परियोजना पर भी लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू करा दिया है। वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने यातायात का बोझा कम कराने के लिए समानांतर लेन बनाने का प्रस्ताव दिया था। इसके तहत जिला प्रशासन जल्द ही रेलवे, सेतु निगम, लोक निर्माण और यातायात पुलिस अफसरों से संयुक्त सर्वे कराएगा। सर्वे में फिजिबिल रिपोर्ट तैयार होगी। इसके बाद इस योजना पर कार्य शुरू होगा। संयुक्त सर्वे निरीक्षण कराने को डीएम को पत्र भी लिखा गया है।
इन प्रोजेक्ट को मिली स्वीकृति
चौपुला फ्लाईओवर समेत चार प्रोजेक्टों को स्वीकृति दे दी गई है, जबकि किला ब्रिज विस्तार और नवदिया पर फ्लाईओवर प्रोजेक्टों पर तकनीकी परीक्षण हो रहा है।
नाम प्रोजेक्ट लागत/ लाख में
चौपुला फ्लाईओवर 7803.88
सेटेलाइट फ्लाईओवर 3558.22
हरूनगला पुल सुधार 1715.99
नकटिया ब्रिज विस्तार 636.48