वेदान टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट में जीएसटी 11 और गज ग्रीन टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा। दोनों ने सेमीफाइनल मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है।
शैली शुक्ला मेमोरियल ट्रस्ट और बरेली क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित वेदान टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-एक में सोमवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। जीएसटी 11 और गज ग्रीन की टीम ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
विज्ञापन
पहले सेमीफाइनल में जीएसटी के कप्तान राहुल कपूर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 188 रन बनाए। एसआरएमएस की ओर से अनुज शर्मा और अनंतवीर ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआरएमएस की पूरी टीम 165 रनों पर ही आउट हो गई। जीएसटी के हर्ष राणा ने चार विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गज ग्रीन की टीम ने जीता दूसरा मैच
दूसरे मैच में स्पोर्ट्स स्टेडियम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 140 रन बनाए। संस्कार ने 36 और मो. जीशान ने 20 रन बनाए। गज ग्रीन की ओर से विवेक पुरी ने तीन और सैफ राजा व नासिर राजा ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गज ग्रीन की टीम ने 17.2 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
शिवम गोस्वामी ने 54 गेंदो में 94 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला। सीडीओ जग प्रवेश और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के साथ ही बीइंग अलाइव संस्था की ओर से खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर डॉ. अमीद मुराद, श्रेयांश ग्रोवर, कर्नल सीताराम, डॉ. सबीन अहसन, मयंक शुक्ला, पवन महरोत्रा, ओपी कोहली आदि लोग मौजूद रहे।