जिला स्तरीय बैडमिंटन, जूडो प्रतियोगिता आज
बैडमिंटन व जूडो की जिला स्तरीय प्रतियोगिता शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि बैडमिंटन की चार से छह दिसंबर के बीच गौतमबुद्धनगर में प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका प्रतियोगिता होनी है। इसमें टीम के चयन के लिए जिला स्तर पर 30 नवंबर को शाम चार बजे व दो दिसंबर को मंडल स्तर की प्रतियोगिता स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी।
इसी तरह सब जूनियर बालक-बालिका प्रदेश स्तरीय जूडो प्रतियोगिता छह से आठ दिसंबर को कानपुर में होनी है। टीम चयन के लिए जिला स्तर पर शनिवार को शाम चार बजे व दो दिसंबर को चार बजे मंडल स्तर पर प्रतियोगिता होगी।
ईपीएफओ: हिमाचल-यूपी के बीच होगा बास्केटबाल का फाइनल
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की उत्तरी अंचल वॉलीबाल व बास्केटबाल प्रतियोगिता का शुक्रवार को रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज में मुख्य अतिथि प्रदेश के अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बख्शी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
बास्केटबाल प्रतियोगिता में दिल्ली और पंजाब के बीच मैच हुआ। इसमें दिल्ली ने पंजाब को 21-20 के स्कोर से शिकस्त दी। वहीं, हिमाचल प्रदेश की टीम ने दिल्ली की टीम को 49-6 के बड़े अंतर से हराया। उत्तर प्रदेश की टीम ने उत्तराखंड की टीम को 45-12 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। शनिवार को हिमाचल व यूपी के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
वहीं, वॉलीबाल में पहले मैच में यूपी ने दिल्ली को 25-11 और 25-13 से शिकस्त दी। हिमाचल की टीम ने उत्तराखंड की टीम को 25-15 व 25-12 से हराकर फाइनल मुकाबले में अपनी जगह बनाई।