बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में मजाक मजाक में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि किसान की पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के पुत्र ने पुलिस को तहरीर दी है।
बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव वंडिया खुर्द में बुधवार शाम मजाक-मजाक में हुए झगड़े में धारदार हथियार से हमला कर किसान की हत्या कर दी गई। किसान के बेटे पिंटू यादव ने पुरानी रंजिश में गांव के ही युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
गांव वंडिया खुर्द निवासी अहलकार (45) शाम सात बजे गांव से सटे अपने खेत पर बेटे विवेक और पिंटू के लिए खाना लेकर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर मिले लोग उनसे मजाक करने लगे। मजाक-मजाक में ही बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। अहलकार ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घर से धारदार हथियार लाकर सिर पर वार कर दिया। इससे अहलकार लहूलुहान और अचेत होकर गिर पड़े। सूचना पर पहुंचे परिजन उनको अचेत हालत में ही ले गए। पुलिस ने इलाज के लिए उनको सीएचसी भेज दिया।
सीएचसी के चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उनको बरेली लेकर आ रहे थे कि रास्ते में ही अहलकार की मौत हो गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि माैत की सूचना मिली है। तहरीर के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।