भाजपा की पांच घंटे तक चली मैराथन बैठक में मेयर के टिकट के लिए बनने वाले तीन नामों के पैनल पर चर्चा नहीं हुई लेकिन नगर निगम प्रभारी पंकज सिंह और सह प्रभारी कौशलेंद्र ने 80 वार्डों से तीन-तीन नामों के पैनल से प्रत्येक वार्ड में पार्षदों के टिकट फाइनल कर दिए। अब पार्षद प्रत्याशियों के नाम अनुमोदन के लिए हाईकमान को भेजे जाएंगे।
रेलवे स्टेशन के नजदीक एक होटल में शहर और कैंट विधानसभा में पार्षदों के टिकट तय करने के लिए नगर निगम प्रभारी पंकज सिंह और सह प्रभारी कौशलेंद्र ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल, शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार के अलावा भाजपा महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया और महानगर प्रभारी राकेश गुप्ता ने वार्ड वार लंबी चर्चा की। प्रभारी और सह प्रभारी को महानगर कमेटी की ओर से पार्षद टिकट के दावेदारों की 10-10 के ग्रुप में सूची सौंपी गई। वार्डों में पार्षद प्रत्याशी तय करने में सामान्य, पिछड़े और दलित वर्ग में आने वाली सब जातियों को समायोजित करने की कोशिश की गई। सूत्रों की मानें तो शहर विधानसभा में वार्डों के प्रत्याशी तय करने में विधायक डॉ. अरुण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सिफारिश पर शहर विधान सभा के वार्डों के टिकट के लिए मिले आवेदनों में करीब 70 फीसदी कायस्थ बिरादरी के नामों पर मुहर लगी। कैंट विधानसभा में वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल ने पार्टी की महानगर कमेटी की सहमति से प्रत्याशी तय कराए। कैंट के वार्डों में भाजपा से पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए चार ब्राह्मण, तीन वैश्य, दो क्षत्रिय, दो पर्वतीय समाज के दावेदारों को हरी झंडी मिल गई। सभी 80 वार्डों से पार्षद प्रत्याशी तय करने में ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य के अलावा दलित जातियों में वाल्मीकि, जाटव, धोबी, गिहार को भी तरजीह दी गई है। सात वार्डों से महिलाओं को मैदान में उतारा गया है। स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश पर भाजपा ने तीन निवर्तमान पार्षदों के टिकट काटकर उनके स्थान पर नए प्रत्याशी बनाए हैं। बैठक में यतिन भाटिया, मोहित कपूर, रवि रस्तोगी, मनोज यादव, पुष्पेंदु शर्मा, नीलम जेठा, प्रभुदयाल लोधी आदि मौजूद रहे।
कोट--
भाजपा के प्रत्याशी तय करने के लिए बैठक देर रात तक चली। इसमें मेयर पद के नामों पर चर्चा नहीं हुई सिर्फ पार्षदों के टिकट तय किए गए। प्रत्येक वार्ड के तीन नामों के पैनल से एक-एक प्रत्याशी तय कर लिया गया है। सूची हाईकमान को भेजी जाएगी। आगरा में एक नवंबर को होने वाली बैठक के बाद नामों की घोषणा होगी।
- कौशलेंद्र , सह प्रभारी निकाय चुनाव भाजपा