निरीक्षण में चारपाइयों पर भर्ती मिले मरीज
शीशगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को कस्बे के कई अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीज चारपाइयों पर भर्ती मिले। कई अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित होते पाए गए।
निरीक्षण के दौरान टीम चनपुरा रोड पर स्थित मैक्स अस्पताल में पहुंची तो डॉक्टर फरार हो गए। यहां मौजूद स्टाफ रजिस्ट्रेशन के कागजात भी नहीं दिखा पाया। यहां से टीम बरेली बस स्टैंड के पास स्थित शास्त्री हॉस्पिटल पहुंची। अस्पताल में मरीज चारपाइयों पर भर्ती मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चारपाई भी वह लोग घर से लेकर आए हैं।
ये भी पढ़ें- UP: फलस्तीन के लिए चंदा मांग रहा सिपाही, फेसबुक पर लगाया ऐसा स्टेट्स; एक्स पर लोगों ने की डीजीपी से शिकायत
डेंगू संदिग्ध मरीजों को बिना मच्छरदानी के भर्ती किया गया था। अस्पताल की लॉबी में भी मरीज भर्ती मिले। नर्सिंग स्टाफ भी प्रशिक्षित नहीं था। लापरवाही पर एसीएमओ ने डॉक्टर की फटकार लगाई। मच्छरदानी लगाकर डेंगू मरीजों को भर्ती करने और प्रतिदिन रिपोर्ट भेजने के लिए कहा।
शीशगढ़ कस्बे में कई पैथलैब भी बिना पंजीकरण के संचालित मिलीं। टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अस्पताल के संचालकों को पंजीकरण से संबंधित प्रपत्र लेकर कार्यालय बुलाया गया है। बिना पंजीकरण के अस्पताल संचालित होने पर उसे सील किया जाएगा।