खुटार। गांव नरौठा देवीदास में 15 दिन में बुखार से सात लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी। अमर उजाला में खबर छपने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को नरौठा देवीदास गांव पहुंची और कैंप लगाकर ग्रामीणों का चेकअप किया। ब्लड की स्लाइड बनाई गईं और मरीजों को मुफ्त दवाएं दी गईं।
गांव नरौठा देवीदास में 15 दिन में हीरालाल की पत्नी कटोरी देवी, कोमल के पुत्र अशरफ, छोटे मोहम्मद, राम सिंह की पत्नी आरती देवी, शमशुल की 12 वर्षीय पुत्री अफसाना, मिश्रीलाल की पत्नी सावित्री देवी और रामसहाय की बुखार से मौत हो चुकी है। इसके अलावा गांव में पप्पू, सुंदरलाल, अनुज कुमार, रामऔतार की पुत्री खुशबू, केशवराम, शरफुद्दीन की पत्नी तायरा, अजय कुमार, विजय कुमार, धर्मेंद्र पाल की पुत्री गायत्री, राजकुमार, रामनिवास, बसरूद्दीन, शेर मोहम्मद, रियासुद्दीन, राजेश कुमार सहित तमाम लोग बुखार से पीड़ित हैं। प्रधान ने गांव में फैले बुखार की सूचना खुटार के सरकारी अस्पताल के प्रभारी डॉ. संजीव कुमार को दी थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मचारी गांव में नहीं पहुंचा।
अमर उजाला ने तीन नवंबर को मामले को प्रमुखता से उठाया तो सीएमओ डॉ. आरपी रावत ने खुटार के सरकारी अस्पताल के प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। इस पर रविवार को अवकाश के बाद भी प्रभारी डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और शिविर लगाकर बुखार के रोगियों का उपचार किया। शिविर में 175 रोगी देखे गए और 15 रोगियों की डेंगू और 15 की मलेरिया की जांच की गई। डेंगू की जांच रिपोर्ट बाद में आएगी।
सीएमओ साहब! मरीजों को अस्पताल से भगा देते हैं डॉक्टर
खुटार। गांव नरौठा देवीदास में बुखार से कई लोगों की मौत की जानकारी पर रविवार शाम सीएमओ डॉ. आरपी रावत, डिप्टी सीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार गांव पहुंचे। गांव के रामसिंह, जैनुल, पप्पू, राजेश, अनमुद्दीन लोगों ने बताया कि बुखार से गांव में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। खुटार के सरकारी अस्पताल में रोगियों से अभद्र व्यवहार किया जाता है। दवाओं के नाम पर लालपीली गोलियां दे दी जाती हैं। कुछ कहने पर मरीजों को भगा दिया जाता है। मजबूरन लोग प्राइवेट अस्पताल जाने को विवश होते हैं। सीएमओ ने कहा कि गांव में आशा, एएनएम और कोटेदार एंटी लार्वा का छिड़काव कराएंगे। कोई समस्या होने पर एएनएम को सूचना दी जा सकती है। उन्होंने लोगों से घर के आसपास सफाई बनाए रखने को कहा।
जिला मुख्यालय से भी पहुंची संचारी रोग नियंत्रण टीम
खुटार। अमर उजाला में खबर छपने के बाद जिला मुख्यालय से संचारी रोग नियंत्रण टीम भी गांव पहुंची। टीम ने बुखार के रोगियों को देखने के साथ ही बुखार से मृत लोगों के घर जाकर जानकारी ली। टीम में डॉ. एलवी वर्मा, डॉ. बीडी निगम, बाबूराम आदि स्वाथ्यकर्मी शामिल रहे।
किया गया एंटी लार्वा दवा का छिड़काव
खुटार। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया गया। हालांकि यह खानापूर्ति तक ही रहा। गांव की कुछ नालियों में दवा का स्प्रे कराकर मच्छरों का लार्वा मारे जाने का दिखावा किया गया। गांव के लोगों का कहना था कि गांव की सभी नालियों में दवा का स्प्रे कराया जाना चाहिए।
गांव के कई लोगों ने घरों के सामने गंदा पानी एकत्र करने के लिए गड्ढे खोद रखे हैं। इस कारण मच्छर पनपते हैं और रोग फैलते हैं। लोगों को जागरूक किया गया है। गांव पर सतर्क निगाह रखी जाएगी, गांव में तीन दिन तक कैंप लगा रहेगा।
डॉ. आरपी रावत, सीएमओ शाहजहांपुर