बरेली। बहेड़ी के एक निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर की चिकित्सक पर अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में स्वास्थ्य संबंधी गलत जानकारी देने का आरोप लगाते हुए सीएमओ से शिकायत की गई है। आरोप है कि गलत रिपोर्ट के चलते ही समय पर इलाज नहीं हो सका। प्रसव के बाद बच्चे की हालत बेहद गंभीर है।
मंडनपुर जनूबी निवासी नईम खान ने शिकायतीपत्र में बताया कि गर्भवती पत्नी रूबी का पहला अल्ट्रासाउंड 18 फरवरी को बहेड़ी बाइपास रोड स्थित ग्लोबल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर कराया था। रिपोर्ट में गर्भावस्था सामान्य बताते हुए अवधि 13 सप्ताह 4 दिन दर्ज की गई। दूसरी जांच, चार मई को कराई। इसमें भी गर्भावस्था सामान्य और 25 सप्ताह दो दिन की बताई गई।
जब पत्नी की तबीयत बिगड़ी तो दूसरे विशेषज्ञ को दिखाया। जांच के बाद तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी गई। प्रसव के बाद जन्मे नवजात की पीठ पर गंभीर घाव और सिर में सूजन देख डॉक्टर चौंके।
चिकित्सक ने कथित तौर पर बताया कि ऐसी स्थिति का पता अल्ट्रासाउंड में पहले ही चल जाना चाहिए था। आरोप है कि डॉक्टर की जानकारी पर जब वह 25 जुलाई को शिकायत लेकर सेंटर पहुंचे तो प्रबंधक ने अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित ने आर्थिक नुकसान का भी दावा किया है।
प्रकरण की जांच करेंगे नोडल अधिकारी
पीड़ित ने सीएमओ से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित चिकित्सक और सेंटर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि लगाए गए आरोपाें की जांच पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी को सौंपी है। आरोपों की पुष्टि पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। सेंटर अपंजीकृत या जिसके नाम से पंजीकरण होगा, उनके मौजूद न होने पर सीलिंग की कार्रवाई भी हो सकती है।