बरेली। बरेली कॉलेज में फीस भरने के लिए छात्राओं के काउंटर पर लंबी लाइन लगी रही। सुबह दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक कई छात्राएं खड़ी रहीं। काउंटर पर कम कर्मचारी व अधिक संख्या होने से एक-एक काउंटर पर घंटों लगने से छात्राएं उमस व गर्मी में परेशान हुईं।
स्नातक और परास्नातक के तृतीय व पंचम सेमेस्टर के लिए काउंटर बनाए गए थे। ये कॉमर्स, साइंस और ह्यूमेनिटीज पाठ्यक्रमों के लिए थे, लेकिन केवल एक-एक काउंटर ही थे। शनिवार को छात्राओं की संख्या दोगुनी होने से भीड़ बढ़ गई। शाहजहांपुर और दूरदराज के ब्लॉकों से आई छात्राओं को घंटों इंतजार के बाद फीस जमा करने का मौका मिला। दोपहर करीब दो बजे मुख्य प्रवेश नियंत्रक वंदना शर्मा भीड़ को संभालने पहुंचीं। वंदना शर्मा ने बताया कि छात्राओं को किसी ने फीस जमा करने की अंतिम तारीख 12 सितंबर बता दी थी, जोकि गलत थी। इसी कारण छात्राओं की भीड़ बढ़ गई थी। प्रॉक्टोरियल टीम भी मौके पर मौजूद थी। चीफ प्रॉक्टर इंदीवर सिंह ने बताया कि कॉलेज में छात्रों की तुलना में छात्राएं अधिक हैं। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी रविवार की परीक्षा में व्यस्त हैं, जिससे काम में देरी हो रही है। समाधान के लिए काउंटर बढ़वाने या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की बात कही।
एक ही काउंटर पर जमा हो रहे थे फॉर्म
छात्रा छाया ने बताया कि वह सुबह 9.30 बजे से लाइन में लगी है। दोपहर 1.30 बजे तक भी उसका नंबर नहीं आया। छात्रा तृप्ति ने भी सुबह दस बजे से खड़े होने और गर्मी से तबीयत खराब होने की बात कही। उन्होंने बताया कि एक काउंटर पर सभी पाठ्यक्रमों के फॉर्म जमा होने से देरी हो रही है।