बरेली जिले की महिला पुलिसकर्मी अब जिम को अलविदा कर एरियल और एंकर योग का अभ्यास कर रही हैं। वे फिल्मी कलाकारों की तरह खुद को फिट रखने के लिए इस तकनीक का उपयोग कर रही हैं।
इस योग से उनके शरीर के विकार दूर हो रहे हैं। दिनभर सकारात्मकता बनी रहती है। महिला पुलिसकर्मियों का मानना है कि जिम जाने से शरीर में सख्तपन आता है, जबकि एरियल योग से शरीर में लचक आती है। यह मन और मस्तिष्क को भी स्वस्थ बनाए रखता है।
एरियल योग विशेषज्ञ चाहत चौहान और रिंकू गंगवार ने बताया कि एरियल और एंकर योग शरीर की बैलेंसिंग के लिए महत्वपूर्ण है। यह पांच तत्वों से बने शरीर को संतुलित करने में मदद करता है और शरीर की शुद्धि भी करता है।
योग से शरीर को मिला आराम
दिनभर खड़े होकर ड्यूटी करने से शरीर में थकान होती थी, अब योग करने से सकारात्मकता महसूस होती है। एरियल योग मुश्किल नहीं है, इसे सावधानी के साथ जल्दी सीख सकते हैं। इससे कार्य क्षमता भी बढ़ी है। मैं 37 वर्ष की हूं। इस दौरान बैक पेन, लिगामेंट इंजरी है, इससे वेटलिफ्टिंग नहीं कर पाती। एरियल योग से शरीर को आराम है। - मनजीत
मैं करीब दो माह से एरियल योग कर रही हूं। इससे सुकून मिलता है, लेकिन नौकरी इतना समय नहीं है, इसलिए महीने में 15 दिन सुबह व 15 दिन शाम में कर पाती हूं। मैं योग सीखने के बाद पुलिस लाइन में बच्चों को भी सिखाने के लिए स्वयं को तैयार कर रही हूं। - विनीता
दो साल तक मैंने जिम किया, इससे शरीर सख्त होने लगा, थकान भी रही। अब एरियल योग करने से थकान बिल्कुल नहीं होती, दिमाग सुबह से शाम तक तरोताजा रहता है। पुलिस की नौकरी में थकान जाहिर है, लेकिन एरियल योग करने से रक्त संचार शरीर से दिमाग तक तेजी से होता है। - स्वाति