वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान निष्पक्ष रहने के साथ ही सुरक्षित रहने की दी सलाह
बरेली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पूरे जोन का फोर्स एक जिले से दूसरे जिले में जाएगा। ऐसे में एक भी पुलिसकर्मी संक्रमित हुआ तो बाकी के लिए भी संक्रमण का खतरा बढ़ जाएगा और चुनाव कराने मुश्किल होंगे। इसे देखते हुए एडीजी ने जोन के सभी कप्तानों और चुनाव के नोडल अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान एडीजी अविनाश चंद्र ने जिलों में फोर्स की जरूरत, उपलब्धता, आवागमन व्यवस्था, फोर्स के ठहरने और ड्यूटी कार्ड वितरण, मतपेटियों की सुरक्षा समेत चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चुनाव में पुलिसकर्मी निष्पक्ष रहें और निष्पक्ष दिखें। साथ ही उन्होंने चुनाव के बाद होने वाले विवादों पर भी नजर रखने को कहा। जिले के कप्तानों और नोडल अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि चुनाव तभी सकुशल संपन्न होंगे, जब पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमण से बचे रहें। इसलिए पुलिसकर्मी नियमित रूप से भाप लें, विटामिन सी की गोलियां लें, प्राणायाम करें और पौष्टिक खाना खाएं। जंक फूड से बचें। लगातार हाथ धोते रहें, मास्क लगाएं और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। इस दौरान आईजी रमित शर्मा और एडीजी के स्टाफ अफसर ओपी यादव भी मौजूद रहे।