बरेली। वीवीआईपी के भ्रमण के दौरान उनकी फ्लीट के लिए आरक्षित छह लग्जरी गाड़ियों से प्रथम दृष्टया डीजल चोरी के साक्ष्य मिले हैं। सभी छह गाड़ियों पर अधिकारियों के चहेते चालक चार साल से डटे हुए हैं।
मुख्यालय स्तर से चालक बदलने के निर्देशों को भी स्थानीय स्तर पर अधिकारी नजरअंदाज करते रहे। मामले की जांच कर रहे एआरएम टेक्निकल प्रदीप यादव सोमवार को अपनी रिपोर्ट क्षेत्रीय प्रबंधक को सौंपेंगे। इसके बाद मामले में कार्रवाई तय मानी जा रही है।
परिवहन निगम के पास वीवीआईपी फ्लीट में छह लग्जरी गाड़ियां हैं। रोडवेज के चालकों की ही इन गाड़ियों पर तैनाती है। जिला समेत आसपास के जिलों में जब भी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और केंद्रीय मंत्री का दौरा होता है तो इन गाड़ियों को भेजा जाता है।
औचक जांच में शुक्रवार को सामने आया कि फ्लीट की गाड़ियों से काफी समय से डीजल चोरी किया जा रहा है। 17-20 डीजल औसत वाली गाड़ियों का माइलेज महज नौ किमीप्रति दिखाया जा रहा था।
क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि सोमवार को जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। संवाद