हाईटेंशन लाइन में बारिश की वजह से हुए फॉल्ट दस घण्टे बिजली गुल।
कस्बे व सौ गांव के लोग रहे प्रभावित, अव्यवस्थाओं पर लोगों ने शिकायत की
फतेहगंज पूर्वी। बारिश से हाईटेंशन लाइन (एचटी) में फॉल्ट से क्षेत्र में दस घंटे बिजली बाधित रही। अव्यवस्थाओं पर गुस्साए लोगों ने विधायक, चेयरमैन से शिकायत कर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
बुधवार सुबह साढ़े छह बजे हल्की बारिश और हवा से अंधरपुरा फीडर से आने वाली 33 केवी लाइन के तारों पर पेड़ों की टहनियां गिर गईं। इससे फतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर आने वाली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश रुकने के बाद जब विद्युत निगम के कर्मचारी फाॅल्ट तलाशने निकले तो काफी देर तक उन्हें फॉल्ट नही मिला। घंटों तलाशने के बाद पचोमी के आगे पंप करनाल नहर की लाइन पर फॉल्ट मिले।
इस दौरान देहात तक के सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। इसकी वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
एक माह में समस्याओं का होगा निस्तारण
नगर चेयरमैन संजय पाठक ने बताया कि निगम के अधिकारी चीफ रणविजय सिंह से मिलकर कस्बे की समस्याओं से अवगत कराया था। साथ ही कस्बे के लिए एक अतिरिक्त लाइनमैन और मोबाइल ट्रांसफर की मांग की है। बुधवार को फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल ने संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए हैं। इस पर एसडीओ फरीदपुर वरुण कुमार ने बताया कि नई लाइन पूरी होने में कुछ पूर्व से तैयार किए गए नक्शे में दिक्कतें आ रही हैं। उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है। एक माह में समस्या का समाधान हो जाएगा।