बरेली। मायके में रह रही महिला का चार माह का बच्चा उसका पति चुपके से उठा ले गया। बच्चा चोरी का शोर मचने पर जानकारी मिली तो एसएसपी ने पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने चार घंटे बाद बच्चे को तलाशकर मां को सौंप दिया। भोजीपुरा थाने के गांव मैमोर निवासी तुलाराम की बेटी तारावती की शादी शाही थाने के गांव हैदरगंज निवासी विजयपाल से हुई है। तारावती ने शुक्रवार को कॉल कर पुलिस को बताया कि उसका पति नशा करता है। पति उसे पीटता व परेशान करता तो वह अपने चार महीने के बेटे को लेकर मायके में रहने लगी है।
तारावती ने बताया कि थोड़ी देर पहले बेटे विशाल को पति विजयपाल उनके मायके में आकर उठा ले गया है। एसएसपी अनुराग आर्य को जानकारी मिली तो उन्होंने भोजीपुरा थाना प्रभारी को तत्काल टीम गठित कर बच्चे की तलाश करने का निर्देश दिया।
तारावती ने आशंका जताई थी कि पति नशे में है और बच्चे के साथ कोई अनहोनी हो सकती है तो पुलिस और ज्यादा चौकसी से जुटी। चार घंटे बाद विजयपाल के पास से बच्चा मिल गया। पुलिस विजयपाल को भी थाने ले आई। हालांकि तारावती ने लिखकर दे दिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहती तो विजयपाल को पुलिस ने छोड़ दिया। ब्यूरो