फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
गनेशपुर गांव में पिता द्वारा बेटे की हत्या का मामला खुलने पर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने जहां शव जलाया गया, वहां से भी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद टीम ने तालाब से हड्डियां बरामद कीं और कई साक्ष्य एकत्र किए हैं।
घर से 700 मीटर दूर शव जलाया
आरोपी पिता रामनक्षत्र ने गनेशपुर गांव स्थित अपने मकान से करीब 700 मीटर दूर सूखे तालाब के पास खेत में शव जलाया। इसके बाद वहां से एक किमी दूर दूसरे तालाब में बेटे की हड्डियां फेंकीं थीं।
पिता अपने बेटे को नहीं देना चाहता था जमीन में हिस्सा
बिजेंद्र की पत्नी नीलम ने बताया कि आए दिन उसके पति का अपने पिता से झगड़ा होता था। घर में सबसे बड़े बिजेंद्र थे। बिजेंद्र का एक छोटा भाई पंकज है। घर में बड़ा होने पर बिजेंद्र ही कमाता था। कुछ दिन पहले उसके देवर की शादी हो गई। वह भी कमाने लगा और उसने पास में ही अपना मकान बना लिया।
इसके बाद उसके ससुर राम नक्षत्र अपने बड़े बेटे बिजेंद्र से दूरी बनाने लगे और जमीन में हिस्सा न देने की बात कहते थे। तीन एकड़ जमीन है। इसी बात को लेकर बिजेंद्र की पिता से लड़ाई होती थी। बिजेंद्र की पत्नी ने आरोप लगाया है कि इसी के चलते ससुर ने अपने बेटे की हत्या की है।
शव दफनाने के शक में कमरा भी खोदा गया
बिजेंद्र की तलाश के लिए पुलिस जब उसके घर पहुंची तो उसकी पत्नी नीलम ने घर के एक कमरे में ससुर द्वारा मारकर शव दफनाने का शक जाहिर किया। इस पर पुलिस ने कमरे में खाेदाई भी कराई लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद कुछ देर बाद आरोपी ने हत्या करने की बात कबूल कर ली और मारकर शव जलाने की बात पुलिस को बताई थी।