बरेली। मकान बेचने के नाम पर पिता-पुत्र ने एक व्यापारी के 10 लाख रुपये हड़प लिए। मकान का सौंदा 90 लाख रुपये में हुआ था। पिता-पुत्र ने 10 लाख रुपये पेशगी लिए थे। बाद में न तो रुपये वापस किए और न मकान का बैनामा किया। बारादरी थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बारादरी थाना क्षेत्र के स्पर्श ग्रीन अपार्टमेंट ग्रीन पार्क निवासी शेखर यादव ने अपने परिचित ग्रेटर ग्रीन पार्क निवासी अशोक गुप्ता और उनके बेटे रिषभ गुप्ता से फरवरी 2020 में जमीन का बैनामा कराया था। बैनामा फर्म के नाम से कराया गया था। ऐसे में फर्म के खाते से ही रुपयों का भुगतान किया गया था। शेखर यादव का कहना है कि इसके कुछ समय बाद अशोक गुप्ता ने उनसे कहा कि वह नोएडा में कारोबार करना चाहते हैं, इसके लिए रुपयों की जरूरत है। इसके लिए वह अपना मकान बेच रहे हैं। मकान का सौदा 90 लाख में तय हुआ। अप्रैल 2021 में उन्होंने अशोक गुप्ता के बेटे रिषभ गुप्ता के खाते में बतौर पेशगी 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शेखर का आरोप है कि अब पिता-पुत्र न तो रुपये वापस कर रहे हैं और न ही मकान का बैनामा कर रहे हैं। संवाद