पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र में बरेली रोड पर गांव रिछोला सबल के पास शनिवार देर शाम कार की चपेट में आने से बरेली के भुता क्षेत्र के गांव दौलतपुर करेना निवासी सेवाराम (35) और उसके पिता रामबहादुर (65) की मौत हो गई। कार की चपेट में आने से दो अन्य राहगीर घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने घायलों को बरेली में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार सेवाराम अपने बुजुर्ग पिता रामबहादुर के साथ किसी काम से बीसलपुर आया था। काम निपटाने के बाद दोनों लोग बाइक से देर शाम करीब साढ़े सात बजे घर लौट रहे थे। बाइक सेवाराम चला रहा था। उसने हेलमेट नहीं पहना था। रास्ते में बरेली रोड पर गांव रिछोला सबल और मीरपुर मोड़ के बीच बाइक सामने से आ रही कार की चपेट में आ गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर हुई रामबहादुर की मौत
हादसे के दौरान कार भगाने के प्रयास में चालक ने बीसलपुर कोतवाली के ही गांव रिछोला सबल निवासी अकरम और भुता क्षेत्र के गांव अटकोना निवासी साइकिल सवार सूरजपाल को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक रामबहादुर की मौत हो चुकी थी।
जबकि सेवाराम, अकरम और सूरजपाल को इलाज के लिए बरेली भेजा। सेवाराम की बरेली पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई। अकरम और सूरजपाल को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार अपने कब्जे में ले ली है। एसएसआई गुरुदेव सिंह ने बताया कि सेवाराम और उसके पिता रामबहादुर की सड़क हादसे में मौत हो गई।