बरेली। 50 फीसदी अनुदान पर खरीफ फसलों के बीज उपलब्ध कराने की कवायद शुरू हो गई है। राजकीय कृषि बीज भंडारों पर पीओएस मशीनों के जरिये इनका वितरण होगा। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड और मोबाइल नंबर देना होगा।
संयुक्त कृषि निदेशक डाॅ. राजेश कुमार के मुताबिक, बरेली में धान बीज के वितरण का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है। राजकीय कृषि बीज भंडार पर पीयूएसए बासमती 1692, 1985, पीआर-113, 126, शियाटस-4 भेजे जा रहे हैं। मोटे धान के बीज का मूल्य 43.30 और 41.93 रुपये, महीन धान का 43.60 और 42.23 रुपये, बासमती 67.80 और 65.34 रुपये प्रति किलो है।
उड़द आईपीयू 13-1, 11-1, आजाद 2 प्रजाति का मूल्य 144.50 रुपये प्रति किलो है। मूंग की आईपीएम 302-2 कनिका, आईपीएम 410-3 शिखा, पीयूएसए विशाल 2001 का मूल्य 150.40 रुपये प्रति किलो है। तिल की प्रजाति आरटी 346, गुजरात-6, ओआर गुजरात-5 का मूल्य 248.50 रुपये प्रति किलो है।
मूंगफली की प्रजाति गुजरात जूनागढ़ ग्राउंडनट 32 (जीजेजी-32), अवतार आईसीजीवी-93468 का मूल्य 113.70 रुपये प्रति किलो है। किसान बीज भंडारों से प्रमाणित बीज लेकर इसी माह के आखिरी में या जून में नर्सरी डाल सकते हैं। बरेली में धान के 1080.10, उड़द के 38.16, मूंग के 7.20, तिल के 45.40 व ढैंचा के 399 क्विंटल बीज के वितरण का लक्ष्य है।