फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सड़क निर्माण की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन, देर रात तक नगर निगम में डटे रहे किसान

Thu, 23 Jan 2025 02:33 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली

सार

बरेली के परसाखेड़ा बंजरिया गरगईया उर्फ गोकिलपुर, ललपुरा व परसाखेड़ा गौटिया में सड़क निर्माण की मांग को लेकर किसान 12 सितंबर 2024 से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। जब उनकी सुनवाई नहीं हुई तो किसानों ने बुधवार को नगर निगम का घेराव किया। रातभर यहीं डेरा जमाए रहे। 
विज्ञापन
नगर निगम में प्रदर्शनकारी किसान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में सड़क की मांग को लेकर किसानों ने बुधवार को नगर निगम का घेराव किया। परिसर में आने-जाने के सभी रास्ते बंद कर दिए। दिनभर काम ठप रहा। काम लेकर पहुंचे शहरवासियों को भी निराश लौटना पड़ा।  किसानों के पहुंचने से 10 मिनट पहले ही नगर आयुक्त परिसर छोड़कर चले गए। शाम को प्रशासन ने किसानों की सुध ली। सिटी मजिस्ट्रेट उनको मनाने पहुंचे। देर रात तक मान-मनुहार का क्रम जारी रहा, पर कोई हल नहीं निकल सका।

विज्ञापन


भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के जिलाध्यक्ष दुर्गेश मौर्य ने 15 जनवरी को ही एक्सईएन राजीव कुमार राठी को ज्ञापन देकर 22 को धरने का एलान किया था। इस पर भी अफसरों ने ध्यान नहीं दिया तो बुधवार को दोपहर एक बजे जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे किसानों व ग्रामीणों ने निगम के मुख्य द्वार पर ट्रॉलियां खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया। 

अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव के कक्ष के आगे भी ट्रॉलियां खड़ी कर दी। नई बिल्डिंग का गेट बंद कर उसके सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान न तो कोई अंदर जा सका, न ही कोई बाहर आ सका। धरने में हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बदायूं, पीलीभीत के भी किसान शामिल हैं। टीम के साथ मौके पर पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप व महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने किसानों को समर्थन देने का एलान किया।
विज्ञापन


Trending Videos

प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल - फोटो : अमर उजाला
गिरफ्तारी देंगे, लेकिन अफसरों की हठधर्मिता बर्दाश्त नहीं 
दुर्गेश मौर्य ने कहा कि अब आश्वासन नहीं चाहिए। 126 दिनों से चल रहे धरने में एक किसान साथी की मौत भी हो चुकी है। इसके बाद भी अधिकारी सुनने के लिए राजी नहीं है। अफसरों की हठधर्मिता बर्दाश्त नहीं करेंगे। अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार पर गलत रिपोर्ट भेजने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब गिरफ्तारी देने का सिलसिला शुरू होगा। अपर नगर आयुक्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होनी चाहिए। 

ये है मामला
परसाखेड़ा बंजरिया गरगईया उर्फ गोकिलपुर, ललपुरा व परसाखेड़ा गौटिया में सड़क निर्माण को लेकर किसान 12 सितंबर 2024 से धरने पर बैठे हैं। वे ईंट भट्ठे से होकर गुजरने वाले पुराने रास्ते पर सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि पूर्व पार्षद की मिलीभगत और भ्रष्टाचार में लिप्त होकर निगम झुमका चौराहे की ओर से 600 मीटर लंबी नई सड़क का निर्माण करा रहा है। किसान जिस सड़क की मांग कर रहे हैं, वह सिर्फ 280 मीटर बननी है और एक ही किसान की जमीन का अधिग्रहण होना है। 

ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम जहां सड़क बनाने की बात कर रहा है, उससे सिर्फ दो गांव ही जुड़ेंगे। इसको लेकर एक अक्टूबर 2024 को किसानों ने कलक्ट्रेट का घेराव किया था। जिलाधिकारी को भी बाहर नहीं निकलने दिया था। सीओ एलआईयू के सात दिनों में समस्या के निस्तारण के आश्वासन पर धरना-प्रदर्शन खत्म हुआ था।
विज्ञापन

पूर्व पार्षद पर आरोप  
किसानों ने कहा कि पूर्व पार्षद की फैक्टरी के सामने से सड़क बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए जिस जमीन का अधिग्रहण होना है, वहां पहले से ही बिल्डरों और उद्योगपतियों को कमीशन पर जमीन दिलाई गई है।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि बातचीत चल रही है। जिला प्रशासन के अधिकारी भी लगे हुए हैं। जहां से सड़क निकालने की बात चल रही है, वहां भू स्वामी ने पहले जमीन देने से इन्कार कर दिया था। उचित कार्रवाई की जाएगी। 

महापौर उमेश गौतम ने कहा कि बातचीत कर हल निकालने का प्रयास किया जा रहा है। कई लोगों को लगाया गया है। ग्रामीणों के हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें