बरेली। किसान पराली को खेतों में न जलाएं। सेटेलाइट के माध्यम से निगरानी की जा रही है। यदि किसी के खेत में पराली जलती हुई मिली तो जुर्माना वसूला जाएगा। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और जमीन की उर्वरा शक्ति नष्ट हो जाती है। पराली का उपयोग खाद बनाने या पशुओं के लिए करें। यह बातें शुक्रवार काे जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विकास भवन सभागार में किसान दिवस के दौरान किसानों से कहीं।
डीएम अविनाश सिंह ने विगत माह के किसान दिवसों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि कोई शिकायत किसी विभाग से संबंधित न हो तो मात्र यह लिख कर इतिश्री न कर लें कि यह हमसे संबंधित नहीं है। बल्कि, जिस विभाग से संबंधित हो उसे भेजें और फोन के माध्यम से भी बताएं। ब्यूरो
किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान जल्द कराया जाएगा
डीएम ने किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान के संबंध में जानकारी दी और बताया कि तहसील बहेड़ी स्थित शुगर मिल का गन्ना मूल्य भुगतान न किए जाने के कारण 33 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र काट दिया गया है। नवाबगंज चीनी मिल का शत-प्रतिशत गन्ना क्षेत्र काट दिया गया है। किसानों के अवशेष बकाया के लिए आरसी जारी की गई है और मिल मालिकों सहित संबंधित अधिकारियों पर एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। शीघ्र ही किसानों को भुगतान कराया जाएगा।