- जमकर की नारेबाजी, कहा-विदेशी कंपनियों को बढ़ावा दे रही सरकार
फोटो
बहेड़ी। भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने प्रदर्शन किया। प्रस्तावित समझौते की प्रतियां जलाईं। सरकार पर विदेशी कंपनियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। कहा कि यह समझौता किसान विरोधी है।
किसानों का कहना था कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते से देश के कृषि क्षेत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विदेशी कंपनियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय किसानों की फसलों के उचित दाम और बाजार व्यवस्था प्रभावित होगी। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते इस पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो छोटे और मझोले किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
भाकियू टिकैत के प्रदेश मीडिया प्रभारी (तराई क्षेत्र) चौधरी अजीत सिंह ने कहा कि पहले ही किसान लागत न निकलने से परेशान है, ऐसे में किसी भी ऐसे समझौते को स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता चौधरी सुरेंद्र सिंह और प्रदेश संगठन मंत्री चौधरी सूरज पाल सिंह ने भी सरकार से किसान संगठनों से संवाद कर निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र सिंह, प्रमोद मौर्य, संदीप सिंह, धर्मेंद्र कश्यप, तेजपाल कश्यप, रमेश मौर्य, हरीश कश्यप, चंद्रपाल आदि किसान मौजूद रहे।