नवाबगंज। ओसवाल शुगर मिल पर किसानों का 58 करोड़ रुपये गन्ने के बकाए भुगतान के लिए किसानों ने तहसील परिसर में सोमवार को प्रदर्शन किया। बाद में किसानों ने नारेबाजी करते हुए दरी बिछाकर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सहकारी गन्ना समिति सचिव ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
गन्ना भुगतान के लिए किसान बीते दो सालों से मिल और गन्ना समिति से मांग कर रहे हैं, लेकिन इस मामले में प्रशासन लगातार आश्वासन देकर टरका रहा है।
सोमवार को पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष सुनीता गंगवार के बैनर तले किसानों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम उदित पंवार, सहाकारी गन्ना समिति सचिव मेघा चर्तुवेदी और नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह मौके पर पहुंचकर समझाते रहे।
इस दौरान एसडीएम भी किसानों के साथ करीब एक घंटे तक जमीन पर बैठे रहे, लेकिन किसान अपनी मांग को लेकर डटे रहे।
एक किसान ने दी आत्मदाह की चेतावनी : धनौर जागीर के किसान बेगराज ने अन्य किसानों क साथ धरने में कहा कि यदि प्रशासन ने गन्ना भुगतान शीघ्र नहीं कराया तो वह तहसील में आत्दाह करने को मजबूर होंगे। वे दो सालों से आर्थिक तंगी से गुजर रहे है। संवाद