बहेड़ी। गन्ने का 159.5 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान न मिलने से आक्रोशित किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले सोमवार से केसर मिल के डिस्टलरी गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि जब तक पूरा भुगतान नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
भाकियू (भानु) के तराई क्षेत्र के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अमर सिंह और प्रदेश प्रवक्ता जुबैर सिद्दीकी ने कहा कि केसर मिल ने किसानों से गन्ना लेकर चीनी बेच दी, लेकिन किसानों को भुगतान नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने समय रहते मिल पर भुगतान के लिए दबाव नहीं बनाया। अगर उस समय थोड़ा-थोड़ा करके भुगतान कराया जाता तो अब किसानों पर इतना बकाया नहीं होता।
तराई इलाके के युवा प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अनुज सिंह ने कहा कि केसर मिल प्रबंधन जब तक किसानों को गन्ने का पूरा भुगतान नहीं करता, संगठन किसानों के साथ मिलकर आंदोलन जारी रखेगा।
धरने में तराई के प्रदेश प्रभारी नितिन सिरोही, शाहिद अंसारी, इरशाद अहमद, सोनू बेनीवाल आदि मौजूद रहे।