बहेड़ी। केसर चीनी मिल प्रबंधन ने मिल का गेट जबरन खुलवाने की कोशिश करने और सहायक गन्ना उपाध्यक्ष के घर जाकर दरवाजा तोड़कर गोली मारने की धमकी देने के आरोप में डांडिया फार्म के एक किसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, किसान ने इसकोे फर्जी शिकायत करने का आरोप लगाया है। कहा, यह गन्नों का बकाया भुगतान से ध्यान भटकाने की साजिश है।
चीनी मिल के सीनियर मैनेजर (सुरक्षा) गुलजार सिंह ने पुलिस को बताया कि 24 फरवरी की रात 10:30 बजे किसान विनीत चौधरी नशे में कार को तेज रफ्तार से चलाते हुए मिल गेट पहुंचा। पेराई सत्र समाप्त होने के कारण गेट खोलने से इन्कार करने पर आरोपी ने सुरक्षाकर्मियों से अभद्रता की, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और मिल कॉलोनी में घुसकर हंगामा किया। कॉलोनी में जाकर गुमटी पर रखे रजिस्टर और टेलीफोन को जमीन पर पटक दिया। बाइक को गिरा दिया। आरोप है कि विनीत चौधरी ने राइफल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। सहायक उपाध्यक्ष (गन्ना) सुभाष तोमर के घर का दरवाजा तोड़कर उनपर हमला करने की कोशिश भी की।
किसान का पक्ष -
किसान विनीत चौधरी ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा, मिल प्रबंधन पर पिछले सत्र का गन्ना मूल्य बकाया है। जब किसान अपना हक मांगते हैं, तो प्रबंधन दबाव बनाने के लिए उनपर इसी तरह की फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराता है। उन्होंने इसको आवाज दबाने की साजिश बताया है।
वर्जन,
तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 और 354(4) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। - पवन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर बहेड़ी