बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव गुरुगांव में नींव की खोदाई कराकर लौट रहे किसान को घेरकर मारपीट करने के आरोप में तहरीर के आधार पर गांव निवासी पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव निवासी बीरवल ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी निजी स्वामित्व वाली भूमि पर नींव की खोदाई कराकर लौट रहा था। तभी मौके पर गांव निवासी विपक्षी हप्पू, मिहीलाल, सतीश, शानू, राजेश ने एक राय होकर उसे घेर लिया। आरोप है कि विपक्षियों ने अकारण ही गालियां देनी शुरू कर दीं। जब विरोध किया तो उसे लात-घूंसों से पीटा।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर पोतीराम, उदयपाल व अन्य कई लोग आ गए, जिन्होंने बीच-बचाव कर जान बचाई। जाते-जाते विपक्षियों ने धमकी दी कि यदि दोबारा अपनी जमीन पर नींव खोदी या पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे। पीड़ित का आरोप है कि इससे पूर्व में भी उक्त लोगों ने उसे घेरकर मारपीट की है। वे जबरन जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जमीन का मामला राजस्व का होता है। जांच कराई जा रही है। संवाद