यूपी के बरेली जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। परिवार ने बेटी को प्रेमी से फोन पर बात करते देखा तो उसकी हत्या कर दी। परिजन जल्दी से अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने लगे। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। जांच में चौंकाने वाला मामला खुला।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सिरौली थाना इलाके के गांव बरसेर में सोमवार रात परिवार के लोगों ने ही आन की खातिर एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। उसे बेरहमी से पीटा भी गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा होने पर मंगलवार रात परिजनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बरसेर गांव निवासी महेंद्र कश्यप की 18 साल की बेटी क्रांति सोमवार शाम किसी से फोन पर बात कर रही थी। उसे ऐसा करते घरवालों ने देख लिया। बताते हैं कि रात में परिवारवालों ने उससे पूछताछ की।
इसी दौरान गुस्साए घरवालों ने युवती को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। रात में ही क्रांति की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सुबह परिवार के लोगों ने पड़ोसियों को क्रांति की उल्टी दस्त से मौत की जानकारी दी।
विज्ञापन
अंतिम संस्कार की तैयारी थी, पुलिस पहुंची
परिजन जल्दी से अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने लगे। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे एसओ सिरौली विनोद कुमार ने परिजनों से जानकारी ली तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पोस्टमॉर्टम करने के लिए कहा तो परिवार वाले उसका भी विरोध करने लगे।
कहा कि उनकी बेटी की मौत बीमारी से हुई है, पोस्टमॉर्टम नहीं कराएंगे। पुलिस ने तुरंत पंचनामा भरकर क्रांति के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इससे भेद खुल गया।
सांस नली अवरुद्ध होने व गला दबाकर मौत की पुष्टि हुई है। यही नहीं उसके दोनों हाथों और गले पर चोट के निशान मिले। रात में अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने पिता व भाई को हिरासत में ले लिया।
युवती के एक हाथ पर लिखा एके
क्रांति के एक हाथ पर एके और दूसरे हाथ पर क्रांति लिखा हुआ था। इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है। क्रांति के एक भाई का नाम आकाश और दूसरे का नाम अमन है। यह भी आशंका जताई जा रही है, युवती की हत्या प्रेम-प्रसंग में की गई है।
सिरौली के बरसेर गांव में युवती क्रांति की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पिता व भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रथमदृष्टया यही लग रहा है कि युवती की लोकलाज के चलते परिजनों ने गला दबाकर हत्या कर दी है। पुलिस मामला दर्ज कर गिरफ्तारी करेगी और सच्चाई खोलेगी। - अंशिका वर्मा, एसपी दक्षिणी