परिवालों ने दी सूचना- जिंदा है वहीद
बताते हैं कि शाकिर और अल्ली शव को लेकर घर जा रहे थे। तभी परिवार वालों ने सूचना दी कि वहीद कछला रोड पर घूमता मिला है। जब मोबाइल पर शाकिर को इसके बारे में पता चला तो वह पसोपेश में पड़ गया। उससे वहीद की पहचान करने में चूक की वजह से परिवार में दोपहर बाद तक कोहराम मचा रहा।
शाकिर की सूचना के बाद पुलिस ने रास्ते में ही शव फिर से अपने कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शाकिर और अल्ली ने ही वहीद की शिनाख्त की थी। दोनों से ही शिनाख्त में चूक हुई है। परिजनों ने ही कोतवाली आकर पुलिस को शिनाख्त की कार्रवाई का प्रार्थना पत्र भी सौंपा था। अब फिर से शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
कब्र खोद गई... पसर गया था मातम
वहीद की मौत की खबर जैसे ही परिवार के लोगों समेत भतीजों को हुई तो मातम का माहौल बन गया। आसपास के लोग घर पहुंचने लगे। शाकिर और अल्ली पोस्टमार्टम हाउस पर थे। दोनों ने परिजनों से कह दिया था कि शव को दफनाए जाने की व्यवस्था शुरू कर दी जाए। इसके बाद कब्रिस्तान में कब्र भी खोदवा दी गई। वहीद के सही सलामत मिलने की जानकारी पर मातम खुशियों में बदल गया।
सीओ उझानी शक्ति सिंह ने कहा कि उझानी कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई थी। गद्दी टोला के दो लोगों ने बताया था कि वह शव उनके चाचा का है, जिससे शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया था लेकिन बाद में पता चला कि उनका चाचा जीवित है। वह कछला रोड पर घूमता मिला है। इससे शव को फिर से मोर्चरी में रखवा दिया गया है।