बरेली। दून एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में एक युवक ने खुद को विजिलेंस अफसर बताकर टीटीई से दो हजार रुपये ले लिए। शक होने पर युवक को जंक्शन पर उतारकर पूछताछ की गई तो वह घबरा गया और सचाई उगल दी। टीटीई की तहरीर पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जीआरपी ने युवक को जेल भेज दिया।
देहरादून से हावड़ा जाने वाली दून एक्सप्रेस में टीटीई विनीत कुमार की ड्यूटी जंक्शन तक थी। ट्रेन के सीबीगंज पहुंचने पर वह अपना बैग पैक कर रहे थे, तभी झारखंड के गोमोह जा रहे युवक अरुणाम क्षितिज ने उन्हें सादा कपड़ों में देखकर टिकट दिखाने को कहा। विनीत ने खुद को टीटीई बताया तो अरुणाम ने उससे परिचयपत्र दिखाने को कहा। इसी बीच दूसरे टीटीई गोपाल शर्मा भी आ गए। तब अरुणाम ने खुद को विजिलेंस अफसर बताकर दोनों से अपने पर्स चेक कराने को कहा। बोला, वह दोनों को सस्पेंड करा देगा। अरुणाम ने धमकाकर विनीत से दो हजार रुपये भी ले लिए। शक होने पर दोनों टीटीई ने उसे जंक्शन पर उतार लिया। पूछताछ करने पर वह सकपका गया और सच्चाई उगल दी। टीटीई विनीत का कहना है कि अरुणाम का रिजर्वेशन एसी थर्ड में था लेकिन उसने डरा धमकाकर एसी सेकेंड में बर्थ करा ली। विनीत की तहरीर पर अरुणाम के खिलाफ थाना जीआरपी जंक्शन में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार राणा ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।