जिला कृषि अधिकारी ने पुलिस के साथ मारा छापा
- फोटो : अमर उजाला
जिला कृषि अधिकारी ने बुधवार अटसलिया स्थित एक कोल्डस्टोरेज में बुधवार शाम छापा मारा। इसी कोल्ड स्टोरेज के एक हिस्से में खाद बनाने की फैक्टरी चलती मिली। जहां नकली खाद बनाई जा रही थी और उसको ब्रांडेड कंपनियों के पैकेट में भरा जा रहा था।
फैक्टरी में छापा पड़ते ही वहां काम रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। इस बीच फैक्टरी का मुनीम मौके से फरार हो लिया। पुलिस ने फैक्टरी परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ की, जिस पर उन्होंने बताया कि कोल्ड स्टोरेज सुनील चंद्र उर्फ पप्पी सेठ का है। जिन्होंने कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा मोहल्ला चौभुर्जी निवासी विजय गौड़ को दे रखा है।
विजय ही इस खाद फैक्टरी का एजी ट्रेड्रिंग कंपनी के नाम से संचालन करते हैं। जोकि बुधवार को फैक्टरी में नहीं आए, उनका बेटा सुबह ताला खोलकर वापस चला गया था। फैक्टरी के मुनीम की देखरेख में मजदूर खाद बनाने और पैकिंग का काम कर रहे थे। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक ने बताया कि नौ नमूने भरकर जांच के लिए भेजे गए। बरामद सामान जब्त कर लिया गया। तैयार खाद की सप्लाई आसपास के क्षेत्रों के साथ ही पड़ोसी जिलों में भी होने की जानकारी मिली है। इस मामले में अभी जांच पड़ताल की जा रही है।