बरेली। इज्जतनगर मंडल मुख्यालय से लंबी दूरी की पहली ट्रेन के संचालन के लिए लोगों को इंतजार करना होगा। 15009-10 पीलीभीत-गोरखपुर एक्सप्रेस का इज्जतनगर तक विस्तार फिलहाल निरस्त कर दिया गया है। सोमवार से इस गाड़ी को इज्जतनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस के रूप में संचालन होना था।
पिछले दिनों पीलीभीत के सांसद और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की मांग पर रेलवे बोर्ड ने पीलीभीत-गोरखपुर एक्सप्रेस को इज्जतनगर तक विस्तार दिया था। परिवर्तन के साथ दो बार समय सारिणी जारी की गई। सोमवार को इज्जतनगर-गोरखपुर के बीच संचालन तय था, रेलवे ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी। इससे पहले गाड़ी के विस्तार पर ब्रेक लगा दिया गया। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि फिलहाल गाड़ी का संचालन पीलीभीत-गोरखपुर के बीच किया जाएगा। गाड़ी के इज्जतनगर से संचालन पर अगले सप्ताह तक स्थिति साफ हो जाएगी। कुछ तकनीकी कारणों से फिलहाल संचालन को निरस्त कर दिया गया है। संवाद