बरेली। बहेड़ी और आंवला तहसील में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कामकाज ठीक तरीके से नहीं हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शुक्रवार को नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी अधिकारी लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करें। सभी तहसीलें राज्य औसत से जिले के औसत को ऊपर लाने का भरसक प्रयास करें।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति के संबंध में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी सीएससी केंद्रों का भी सहयोग लें। प्रत्येक तहसील में सीएससी केंद्रों का एक नोडल अधिकारी बनाया जाए, उसकी मदद से फार्मर रजिस्ट्री को बढ़ाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लेखपाल, अमीन, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, एडीओ पंचायत, एडीओ कृषि सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को लगा कर लक्ष्य को पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने उनकी अनुमति के बगैर 16 टेक्निकल सहायक और एग्री टेक्निकल मैनेजर को रहमान खेड़ा में ट्रेनिंग के लिए भेजने पर उप निदेशक कृषि पर नाराजगी जताई। ब्यूरो