पीलीभीत। सरकारी काम निपटाकर बीसलपुर से दियोरियाकलां लौट रहे दरोगा 40 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार पुत्र चमन की सड़क हादसे में मौत हो गई। बीसलपुर-दियोरियाकलां मार्ग पर पिपरिया संजरपुर गांव के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई, फिर खेत में पलट गई थी। दरोगा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
मूल रुप से कवीनगर (गाजियाबाद) के गांव रईसपुर निवासी दरोगा पुष्पेंद्र कुमार एक साल से दियोरियाकलां कोतवाली में तैनात थे। बुधवार दोपहर को एक एफआईआर की विवेचना के सिलसिले में वह प्राइवेट कार से बीसलपुर गए थे। देर शाम साढ़े छह बजे काम निपटाकर कार से वापस दियोरियाकला जा रहे थे। पिपरिया संजरपुर गांव के पास पहुंचते ही उनकी कार पेड़ से टकराकर पलट गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में कोतवाली दियोरियाकलां से पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में दरोगा को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दरोगा के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। एसपी समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंच गए और हादसे पर शोक जताया। एसपी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि हादसा दुखद है। दरोगा के परिवार वालों को सूचना भिजवा दी गई है। परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।