बरेली। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 अक्तूबर को प्रस्तावित मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए बुधवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय में निर्वाचन ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया।
एसएसपी ने यहां मौजूद सभी सीओ, इंस्पेक्टरों, दरोगा और पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
किसी के प्रभाव में आने की जरूरत नहीं है, आपको अपने कर्त्तव्य के प्रति सजग रहने की जरूरत है। फिर भी कोई दिक्कत है तो अपने उच्चाधिकारियों को जरूर बताएं। इस दौरान एसपी सिटी, एसपी उत्तरी, एसपी दक्षिणी, एसपी यातायात समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ब्यूरो