नगर निगम के एक्सईएन विकास कुरील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाने वाली पोस्ट व्हाट्सऐप पर फारवर्ड करके फंस गए हैं। समाजसेवी सुशील पाठक ने इसका स्क्रीनशॉट लेकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को ई-मेल से शिकायत भेजी है। साथ ही मेयर और नगर आयुक्त से भी कार्रवाई की मांग की है।
सुशील पाठक ने अपनी शिकायत में कहा है कि निगम के एक्सईएन विकास कुरील उनके मोबाइल पर आए दिन सरकार, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ मेसेज भेजते रहते हैं। इससेे सरकार की बदनामी हो रही है। अगर इन पर कार्रवाई नहीं हुई तो यह ऐसे ही सरकार को बदनाम करते रहेंगे। जिस मेसेज के आधार पर सुशील पाठक ने शिकायत की है, वह भी उन्हें विकास कुरील ने भेजा है। इसमें पूर्व प्रधानमंत्रियों के नाम के सामने विभिन्न क्रांति लिखी हैं जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम के आगे पकौड़ा क्रांति लिखकर उनका मजाक उड़ाया गया है। नगर आयुक्त ने विकास कुरील के खिलाफ जांच के निर्देश दिए हैं।