बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में इस बार एजेंसी ने घटिया कॉपियों की सप्लाई की है। परीक्षार्थी इसको लेकर सवाल उठा रहे हैं। पिछले दिनों विश्वविद्यालय में भी यह मामला उठा था, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय में संचालित सेमेस्टर पाठ्यक्रम की परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू हुई हैं। इस बार उत्तर पुस्तिका सप्लाई करने वाली एजेंसी ने गुणवत्ता में खेल कर दिया है। पिछले सालों की अपेक्षा इस बार भेजी गई उत्तर पुस्तिका की पेपर क्वालिटी अच्छी नहीं है। मंगलवार को परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि कॉपी का पेपर पहले की अपेक्षा काफी खराब है। अगर वे लोग जेल पेन से लिखते हैं तो स्याही फैल जाती है और पेज पर लिखा गया मैटर उसके पीछे भी नजर आता है। इस कारण पेज के दूसरी ओर लिखे गए सवालों के उत्तर साफ नजर नहीं आते।
बताया जाता है कि परीक्षाएं शुरू होने से पहले उत्तर पुस्तिकाओं की गुणवत्ता का मामला पिछले दिनों विश्वविद्यालय में भी उठा था। एजेंसी पर सख्ती की बात चली थी, लेकिन फिर मामला रफा-दफा कर दिया। इस बारे में जानकारी के लिए परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजीव कुमार सिंह को फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।