बरेली। नकल के लिए बदनाम बरेली कॉलेज के एलएलबी के छात्रों ने परीक्षा के पहले दिन ही खलबली मचा दी। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने बरेली कॉलेज के ही आठ नकलची पकड़े, जो सभी छुटभैया छात्रनेता थे। कहा जा रहा है कि बड़े छात्रनेताओं के इशारे पर ही यह नकल लेकर पहुंचे थे। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने जब इन्हें पकड़ा तो विरोध करने लगे। लेकिन जब पुलिस बुलाने की बारी आई तो गिड़गिड़ाने लगे। इनकी सिफारिश में कॉलेज में कई फोन भी पहुंचे, लेकिन किसी की नहीं सुनी गई।
मंगलवार से बरेली कॉलेज में एलएलबी की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। पहले दिन थर्ड सेमेस्टर का एडमिनिस्ट्रेटिव लॉ का पेपर था। इस परीक्षा में कई खुराफाती छात्रनेता भी शामिल थे, जो पूर्व में नकल और हंगामे के लिए बदनाम रहे हैं। लिहाजा पुलिस के साथ ही अतिरिक्त शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। सिटिंग प्लान भी सख्ती के साथ बनाया गया था। जब चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा समेत प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने चेकिंग शुरू की तो एक-एक करके आठ छुटभैया छात्रनेता पकड़े गए। इस पर छात्रनेताओं ने पहले तो प्रॉक्टोरियल बोर्ड पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन जब वे लोग नहीं माने तो सिफारिशों के फोन आने लगे।
सख्ती के चलते आगे किए छुटभैये
मंगलवार की परीक्षा में काफी सख्ती थी और पुलिस भी तैनात थी। बताया जाता है कि इस वजह से ही नकल के लिए बदनाम छात्रनेता खुद नकल लेकर नहीं पहुंचे और इन छात्रों से पर्चियां मंगवाई थीं। मगर सख्ती के चलते उनकी कोशिश कामयाब नहीं हुई।
गिरफ्तारी की धमकी पर भरा फार्म
नकल पकड़े जाने के बाद एक छात्रनेता प्रॉक्टोरियल बोर्ड से उलझ गया और फार्म भरने से साफ इनकार कर दिया। इस पर चीफ प्रॉक्टर ने उसे पुलिस हिरासत में लेने को कहा तो वह बैकफुट पर आ गया और फार्म भर दिया।
लिखीं धाराएं तो छात्राओं के साबुन से धुलाए हाथ
एलएलबी की दो छात्राएं अपने हाथ पर धाराएं लिखकर ले गई थीं। मगर पूर्वी गेट पर चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया तो साबुन से हाथ धुलवाकर उसे साफ करा दिया गया।
‘प्रॉक्टोरियल बोर्ड की चेकिंग में मंगलवार को एलएलबी में आठ नकलची पकड़े गए हैं और सभी बरेली कॉलेज के ही छात्र थे। पुलिस की मदद से सख्ती दिखाकर उन पर कार्रवाई कर दी गई है।’
- डॉ. वंदना शर्मा, चीफ प्रॉक्टर, बरेली कॉलेज