शेरगढ़ (बरेली)। सोमवार शाम लूट का शिकार हुए सराफा व्यापारी सुभाष रस्तोगी के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। हालांकि शाही रोड के सीसी कैमरों की फुटेज से एक शातिर को चिह्नित करने की बात बताई जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद स्थिति साफ हो सकेगी।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद थाना परिसर पहुंचकर एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र व सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह के साथ बैठक कर अब तक की कार्रवाई का ब्यौरा लिया। उन्होंने घटना के खुलासे को लेकर जरूरी निर्देश दिए। थाना परिसर में बने महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया।
डीआईजी ने पत्रकारों को बताया खुलासे के संबंध में एसएसपी ने तीन टीम गठित की हैं, सर्विलांस सेल व एसओजी भी काम कर रही है। शीघ्र ही सटीक खुलासा किया जायेगा। उन्होंने व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने की जरूरत बताई।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। घटना के अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल की जा रही है। संवाद