बरेली। सौ फुटा रोड स्थित एक बैंक्वट हाॅल में मंगलवार को हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा जिला इकाई की बैठक हुई। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी चौधरी देवेंद्र सिंह ने आह्वान किया कि सभी लोग 15 अगस्त को घर पर तिरंगा फहराएं और उसके साथ सेल्फी लें।
जिलाध्य्क्ष सोमपाल शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान आमजन के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव, आस्था और उत्तरदायित्व की भावना को जागृत करने का अभियान है। इस अभियान के बाद मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलेगा। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को सुनिश्चित करना है कि उनके बूथ का कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं को जोड़ने का काम करना है।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा यात्रा 10 से 12 अगस्त तक हर मंडल में होगी। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलेगा। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर संगोष्ठी कर मौन जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान भाजपा के एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर, राजकुमार शर्मा, डॉ. निर्भय गुर्जर और जिला मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। ब्यूरो