बरेली। प्रत्येक रोगी को बेहतर इलाज मुहैया कराना शासन की प्राथमिकता में हैं। जनहित की योजनाओं के क्रियान्वन में जो भी लापरवाही करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का हर प्रकरण संज्ञान में है। सीएमओ से बिंदुवार पूछताछ होगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जो डॉक्टर अफसर बन गए हैं, उन्हें भी मरीज देखने हाेंगे। इसके लिए जल्द दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे।
भाजपा पार्टी कार्यालय से सर्किट हाउस पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विधायकों, कमिश्नर, एडीजी, जिलाधिकारी, एडी हेल्थ, सीएमओ आदि अधिकारियों से करीब आधे घंटे तक औपचारिक मुलाकात के बाद पत्रकारों से वार्ता की। सरकार की उपलब्धियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का भी जिक्र किया। कहा, वह प्रतिदिन प्रदेश के 75 जिलों में अस्पतालों में पहुंचने वाले मरीजों और स्थानीय समाचार पत्रों की खबरों का संज्ञान ले रहे हैं। जांच और कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं। कहा, प्रतिदिन प्रदेश के जिला अस्पतालों में औसतन डेढ़ लाख मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें करीब आठ हजार एक्सीडेंटल केस होते हैं। पांच हजार ऑपरेशन प्रतिदिन हो रहे हैं।
चिकित्सकों की कमी के सवाल पर कहा, प्रदेश स्तर पर ही डॉक्टरों की कमी है। संविदा पर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती के लिए डीएम और सीएमओ को निर्देशित किया जाएगा। हाल ही में एमबीबीएस पास करने वालों की भर्ती करने के निर्देश दिए जाएंगे। ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। तीन सौ बेड अस्पताल मेें चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी फिलहाल इसी तरीके से पूरी की जाएगी।
सीएमओ से हर गड़बड़ी का लिया जाएगा हिसाब
पिछले दिनों सीएमओ को निरीक्षण के दौरान अपने ही कार्यालय में कबाड़ में दवाओं की खेप मिलने के मामले की स्वास्थ्य मंत्री ने जांच कराने की बात कही। कहा, जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों के अफसरों पर वसूली के आरोपों की चैट वायरल होने के मामले पर कहा कि वसूली के खेल के प्रकरण की जांच की जा रही है। भ्रष्टाचार में अगर लिप्तता की पुष्टि हुई तो कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी पर जांच टीम के साथ बदसलूकी पर भी सीएमओ से जानकारी लेने की बात कही। डॉक्टरों को निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचने, मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने, शुद्ध पानी मुहैया कराने, स्ट्रेचर आदि की व्यवस्था कराने की बात कही।
आज उपमुख्यमंत्री परखेंगे व्यवस्था की हकीकत
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सुबह 7.30 बजे निर्माणाधीन यूनानी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करेंगे। सुबह 8.10 बजे निर्माणाधीन हाट बाजार परियोजना, तीन सौ बेड अस्पताल, दीनदयाल उपाध्याय अमृत सरोवर का निरीक्षण करेंगे। सुबह नौ बजे कलक्ट्रेट सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। सुबह 10.10 बजे अमृत योजना सीवर ट्रंक लाइन, चौपुला चौराहा दिल्ली लखनऊ मार्ग पर पुल निर्माण, मकरंदपुर धाराजीत ग्रामीण पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद 11.10 बजे बदायूं रवाना हो जाएंगे।