- बरेली कॉलेज में खेल सुविधाएं बदहाल, विवि ने दी है महिला वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबान
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने महिला वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी बरेली कॉलेज को दी है। दूसरी ओर कॉलेज में खेल सुविधाएं बदहाल हैं। आलम यह है कि कई-कई सप्ताह तक मैदान की घास तक नहीं काटी जाती। एक गोल पोस्ट नदारद है तो दूसरा क्षतिग्रस्त। ऐसे में प्रतियोगिता का आयोजन कैसे होगा यह बड़ा सवाल है।
प्रतियोगिता के लिए कैंलेंडर जारी हो गया है। आगामी एक से दो माह में प्रतियोगिता आयोजित होनी है, बावजूद इंतजाम दुरुस्त नहीं हुए हैं। कॉलेज के विद्यार्थियों की मानें तो कई बार मांग के बावजूद आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए। इसके चलते विद्यार्थी भी खेलों से दूरी बनाने लगे हैं।
कॉलेज में मैदान भी खेलने योग्य नहीं है। फुटबाल मैदान की जमीन ऊबड़-खाबड़ है। इसके साथ ही यहां पिछले कई दिनों से घास की कटाई नहीं हुई है। क्रीड़ा विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक डागर ने बताया कि लोकसभा चुनाव के समय कॉलेज में ठहराए गए सुरक्षा बलों में से किसी ने गोल पोस्ट तोड़ दिया था। इसे सही कराने के लिए भेजा गया है।
-
जिम्नेजियम में धूल फांक रहे उपकरण
एस समय में बरेली कॉलेज की महिला हॉकी खिलाड़ी जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करती थीं, अब कॉलेज के पास हॉकी टीम बनाने लायक भी खिलाड़ी नहीं हैं। खेल मैदान, बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस कोर्ट, जिम आदि बदहाल हैं। जिम्नेजियम में रखे उपकरण धूल फांक रहे हैं। संवाद