बरेली। सिटी रेलवे स्टेशन से दूल्हे मियां की मजार तक सड़क निर्माण के कारण दूसरे दिन बुधवार को भी शहर के लोग भीषण जाम से जूझे। हजारों की संख्या में छोटे-बड़े और भारी वाहन फंसे रहे। चौकी चौराहा और नावल्टी से दिनभर निकलना मुश्किल रहा। किला और बड़ा बाजार रोड पर भी भीषण जाम लगा।
रामपुर रोड पर डायवर्जन के कारण दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत, टनकपुर से शहर में आने और बदायूं की ओर जाने-आने वाले वाहनों को तीन माह के लिए डायवर्ट किया गया है। मंगलवार को डायवर्जन का पहला दिन था। ट्रैफिक पुलिस की तमाम तैयारियों के बावजूद लोग जाम से जूझते रहे। समस्या बुधवार को भी बरकरार रही। ज्यादातर शहरवासियों को अब तक डायवर्जन की जानकारी नहीं हो पाई है। इस वजह से भी दिक्कत हो रही है। रामपुर रोड पर जाने-आने वाले वाहनों को सिटी रेलवे स्टेशन और दूल्हे मियां की मजार से लौटना पड़ रहा है।
बुधवार को जाम के कारण चौपुला और महादेव पुल पर भी वाहन रेंगते हुए गुजरे। जाम खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी दौड़ते रहे। इधर, डायवर्जन के कारण शहर के अन्य रूटों पर भी भारी वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है। ऐसी जगहों पर भी जाम लगा रहा है, जहां अमूमन समस्या नहीं होती। संवाद