बरेली। बहनों से छेड़छाड़ करने वाले दबंगों की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की जगह समझौता लिखाकर उन्हें टरका दिया। इसके बाद बेखौफ दबंगों ने दोबारा पीड़ितों के घर में घुसकर छेड़छाड़ व अपहरण की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई न की तो पीड़ित एसएसपी से मिले। उनके आदेश पर बारादरी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बारादरी क्षेत्र निवासी एक मजदूरी की दो बेटियों को इलाके के दो दबंग भाई रेहान और रिजवान अक्सर परेशान करते हैं। पीड़ित घरवालों के अनुसार 10 जून को दोनों जबरन उनके घर में घुस गए थे और उनकी बेटियों से छेड़छाड़ की थी। इसकी शिकायत करने पहुंचे तो दबंगों ने पुलिस से साठगांठ कर दबाव बनाकर समझौता लिखवा लिया। आरोप है कि कुछ दिन शांत रहने के बाद दो जुलाई तो दोनों भाई पिता अब्दुल व एक अन्य राहुल के साथ उनके घर में घुस गए और बड़ी बेटी का अपहरण करने की कोशिश करने लगा। चीख पुकार सुन इकट्ठे हुए पड़ोसियों ने उसे बचाया तो वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।