15 अक्तूबर के बाद आने शुरू होंगे मुख्य परीक्षा के परिणाम भी
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से शैक्षिक सत्र 2020-21 के लिए आयोजित 14 पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा का मूल्यांकन पूरा हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि दो-तीन दिन के अंदर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। 15 अक्तूबर के बाद मुख्य परीक्षा के परिणाम भी जारी होने शुरू हो जाएंगे।
शैक्षिक सत्र 2020-21 में एमएससी जूलॉजी, केमिस्ट्री, गणित, फिजिक्स, बॉटनी, पर्यावरण विज्ञान समेत 14 पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परीक्षा आयोजित कराई थी। सितंबर में हुई इन प्रवेश परीक्षाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय तैयारी कर रहा है कि दो-तीन दिन के अंदर इनका परिणाम भी जारी कर दिया जाए। 15 से 30 अक्तूबर के बीच मुख्य परीक्षाओं के भी सारे परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
20 से शुरू हो सकते हैं परास्नातक के दाखिले
प्रवेश परीक्षा का परिणाम आने के साथ ही 15 अक्तूबर के बाद परीक्षा परिणाम भी आने लगेंगे। इस आधार पर संभावना जताई जा रही है कि 20 अक्तूबर से परास्नातक कक्षाओं में दाखिले भी शुरू हो सकते हैं। अगर किसी कक्षा का परिणाम आने में विलंब होगा तब भी प्रवेश प्रक्रिया रोकी नहीं जाएगी।
विश्वविद्यालय में 14 पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। एक-दो दिन में प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया जाएगा। - डॉ. अमित सिंह, मीडिया प्रभारी रुहेलखंड विश्वविद्यालय